भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए OMR शीट को ऑनलाइन अपलोड करने की नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
ओएमआर शीट के लिए नई व्यवस्था राजस्थान | राकेश खुडिया राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में चयन बोर्ड ने अहम फैसला लिया है। अब भर्ती परीक्षाओं में प्रयुक्त ओएमआर शीट को ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का स्वयं मिलान कर सकें। इस नई व्यवस्था की शुरुआत चपरासी भर्ती परीक्षा से की जाएगी। पिछले कुछ समय से ओएमआर शीट में गड़बड़ी और अंकों में हेरफेर के आरोप सामने आते रहे हैं। कई मामलों में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और निजी एजेंसियों पर अभ्यर्थियों से पैसे लेकर ओएमआर शीट में बदलाव करने के आरोप भी लगे, जिससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए। ओएमआर शीट को ऑनलाइन उपलब्ध कराने से पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की संभावना कम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भर्ती परीक्षाओं में विश्वास बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और आने वाली परीक्षाओं को अधिक भरोसेमंद बनाएगा।