श्रीविजयनगर में गौ बछड़े की हत्या पर बवाल
श्रीविजयनगर में गौ बछड़े की हत्या पर आक्रोश, बजरंग सेना का जोरदार प्रदर्शन
रायसिंहनगर 24 मार्च (रमेश लोटिया)
श्रीविजयनगर क्षेत्र में 7 दिन पहले गौ माता के एक बछड़े का कटा हुआ शव मिलने से फैली सनसनी के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा।
बजरंग सेना के गौ प्रकोष्ठ संभाग अध्यक्ष रमेश भार्गव (मिक्कू) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गौ भक्त पुरानी धान मंडी स्थित हनुमानजी मंदिर पहुंचे।
वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी कार्यकर्ता रैली के रूप में शहर की मुख्य गलियों से होते हुए पुलिस थाना पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
दो घंटे चला प्रदर्शन, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान गौ भक्तों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस ने पहले 5 दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन ने मांगा समय, 6 अप्रैल तक दी मोहलत
मौके पर पहुंचे थाना अधिकारी सुमन और तहसीलदार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले में 5 अप्रैल तक का समय मांगा।
इस पर गौ भक्तों ने सख्त रुख अपनाते हुए 6 अप्रैल तक की मोहलत दी है और चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षेत्र में बना तनाव का माहौल
गौरतलब है कि इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
अपनी राय यहां प्रकाशित करें। लॉगिन की आवश्यकता नहीं है।
राकेश खुडिया